Uncategorized
जिला पदाधिकारी श्री विजय प्रकाश मीणा भा.प्रा.से. ने सीवान जिला का ग्रहण किया पदभार
लोकतंत्र न्यूज,सीवान;- बुधवार 19 अगस्त 2026 को नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी, श्री विजय प्रकाश मीणा द्वारा जिला पदाधिकारी सीवान के रूप में पदभार ग्रहण किया।इसके उपरांत पत्रकारों को संबोधित करते हुए अपनी प्रथामिकताओं को सझा करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले में सुशासन, पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन,विकास कार्यों में तेजी तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।उन्होंने जिले में विधि-व्यवस्था, विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों को बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया।जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में सिवान जिलावासियों एवं मीडिया के प्रतिनिधियों से अपील किया की जिले में शांति व्यवस्था, भाईचारा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रहे साथ ही जिला प्रशासन द्वारा किए जाने वाले जनकल्याणकारी कार्यों में अपेक्षित सहयोग एवं समर्थन प्राप्त होता रहे।

देश
ऐतिहासिक गांधी मैदान में हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
लोकतंत्र न्यूज,सिवान ;- , स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज सीवान के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्य समारोह का आयोजन गरिमापूर्ण एवं उत्सवी वातावरण में किया गया। इस अवसर पर माननीय मंत्री, पर्यटन विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री, सीवान जिला श्री केदार प्रसाद गुप्ता द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर गांधी मैदान को दुल्हन की तरह सजाया गया था। जिला के वरीय पदाधिकारियों, गणमान्य व्यक्तियों एवं आमजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति से पूरा गांधी मैदान देशभक्ति के उत्साह से सराबोर रहा।राष्ट्रीय ध्वज फहराने के उपरांत माननीय प्रभारी मंत्री महोदय द्वारा परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों का निरीक्षण किया गया तथा जवानों ने उन्हें सलामी दी। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। इसके बाद राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह को आगे बढ़ाया गया।अपने संबोधन में माननीय प्रभारी मंत्री महोदय ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बिहार सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी आमजनों को दी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, परिवहन, कल्याण, खेलकूद, पर्यटन सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों के माध्यम से किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।माननीय मंत्री महोदय ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी क्रम में सहयोग शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों तथा उनके निष्पादन के संबंध में भी उन्होंने विशेष रूप से जानकारी दी। उन्होंने आमजनों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक हों तथा पात्रता के अनुसार उनका लाभ अवश्य उठाएं। उन्होंने आमलोगों से जागरूकता के साथ आगे आने एवं सरकार की उपयोगी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।माननीय प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार सरकार आमजन के कल्याण एवं विकास के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आमजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार सदैव जनता के प्रति संवेदनशील रहेगी तथा विकास एवं जनकल्याण के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।जिला के वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी श्री मुंशी सिंह को माननीय मंत्री महोदय द्वारा शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य एवं उपलब्धि हासिल करने वाले पदाधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों को माननीय प्रभारी मंत्री महोदय द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए उप विकास आयुक्त, सीवान; लोक शिकायत के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए अपर समाहर्ता, सीवान; पंचायती राज के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए श्री बालेंद्र नारायण पांडेय; अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में उत्कृष्ट कार्य के लिए श्री उपेंद्र कुमार यादव तथा अनुमंडल पदाधिकारी, सीवान सदर श्री आशुतोष कुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।इसी क्रम में सीवान के मैरवा निवासी पर्वतारोही श्री अवध मनी को भी उनकी उपलब्धि के लिए माननीय मंत्री महोदय द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।समारोह में भूमिहीन परिवारों के बीच पर्चा का वितरण भी माननीय प्रभारी मंत्री महोदय द्वारा किया गया। पर्चा प्राप्त करने वाले परिवारों में खुशी का माहौल देखा गया तथा लाभुकों द्वारा बिहार सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही जिले में सर्वाधिक कर (टैक्स) भुगतान करने वाले तीन व्यवसायियों को भी भामा शाह पुरस्कार से सम्मानित किया गया।इसके अतिरिक्त मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा 2026 में जिले में सर्वोत्तम अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी माननीय प्रभारी मंत्री महोदय द्वारा सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिला पदाधिकारी सिवान, पुलिस अधीक्षक सीवान सहित वरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।अंत में बिहार गीत के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का गरिमापूर्ण सम्पन्न हुआ।

Uncategorized
हरिद्वार अधिवेशन 24-25 अक्टूबर को : डॉ. गिरधारी लाल अग्रवाल
- देश-विदेश से जुटेंगे साहित्यकार,कलाकार,पत्रकार,समाजसेवी एवं विषय विशेषज्ञ
- लोकतंत्र न्यूज,नेशनल डेस्क ;- हरिद्वार(जीतेन्द्र कुमार सिन्हा);- कला,साहित्य और संस्कृति के संवर्धन और संरक्षण के प्रति समर्पित थावे विद्यापीठ के तत्वाधान में आगामी 24 और 25 अक्टूबर 2026 को प्रसिद्ध पावन तीर्थ स्थल हरिद्वार में दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन का आयोजन होना निश्चित हुआ है, जिसमें देश – विदेश से साहित्यकार, कलाकार, पत्रकार, संस्कृति के लिए समर्पित विद्वत जन एवं समाजसेवी और राष्ट्रप्रेमी जन भाग लेंगे।प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हरिद्वार अधिवेशन के स्थानीय संयोजक एवं विद्यापीठ के उप कुलसचिव डॉ. गिरधारी लाल अग्रवाल ने यह जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया कि विदेशी प्रतिभागियों के साथ देश के आधा दर्जन राज्यों के लगभग 50 शहरों से प्रतिभागीगण सम्मिलित होकर अधिवेशन की शोभा बढ़ाएंगे। अधिवेशन के प्रथम दिवस निबंधन के पश्चात भव्य उद्घाटन समारोह और तीन तकनीकी सत्रों का संचालन होगा। तकनीकी सत्र हिंदी भाषा, पर्यावरण और युवा वर्ग के विषयों पर केंद्रित होगा।तत्पश्चात रात्रि में कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। वहीं दूसरे दिन सुबह में गायन वादन के साथ प्रभात फेरी निकाली जाएगी। एक तकनीकी सत्र के पश्चात मुक्त सत्र में विभिन्न क्षेत्र के राष्ट्रीय और सामाजिक हित में कार्य कर रहे चयनित प्रतिभागियों को सम्मानोपाधियां प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम की समाप्ति के पश्चात रात्रि में कवि सम्मेलन का भी आयोजन होना सुनिश्चित किया गया है। इस अधिवेशन को सफल बनाने के लिए विद्यापीठ के पदाधिकारी एवं सदस्य गण लगे हुए हैं। इस अधिवेशन में विद्यापीठ के कुलाधिपति महामंडलेश्वर(डॉ.) स्वामी हरिहरानंद सरस्वती एवं कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक और प्रतिकूलपति डॉ. जे. बी. पांडेय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में कुलसचिव डॉ. पी. एस. दयाल यति एवं उप कुलसचिव डॉ. गिरधारी लाल अग्रवाल सहित सभी पदाधिकारी एवं सदस्य गण कार्यरत हैं।स्थानीय संयोजक एवं उप कुलसचिव डॉ. अग्रवाल ने बताया कि विद्यापीठ द्वारा ऐसे अधिवेशनों का आयोजन विद्यापीठ के स्थापना काल से ही किसी साहित्यिक और सांस्कृतिक महत्व के क्षेत्र, तीर्थ स्थान में ही किए जाने की परंपरा है। इसी श्रृंखला में चित्रकूट, अयोध्या, वाराणसी, जगन्नाथ पुरी में अधिवेशन करने के पश्चात इस बार विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल गंगा अवतरण स्थल “हरिद्वार”, जिसे हरिधाम के द्वार के रूप में देखा जाता है, में होना सुनिश्चित किया गया है। धार्मिक महत्व के ऐसे दिव्य क्षेत्र में कार्यक्रम करने से स्वाभाविक रूप से व्यक्ति का मन शुद्ध और पवित्र होकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का अनुभव करने लगता है। ऐसा कहा जाता है कि जिस संस्था की सांस्कृतिक विरासत जितनी अधिक समृद्ध होती है, वह उतनी ही श्रेष्ठता के साथ समाज और देश की सेवा करने में सक्षम और सामर्थ्यवान होता है। ऐसे ही पावन विचारों के साथ थावे विद्यापीठ परमार्थ पथ पर अग्रसर है। ऐसे धार्मिक वातावरण और भगवती भगीरथी गंगा के तट पर थावे विद्यापीठ द्वारा वार्षिक अधिवेशन का आयोजन किया जाना, निश्चित रूप से विद्यापीठ के राष्ट्रीय साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रेम और निष्ठा को दर्शाता है।स्थानीय संयोजक डॉ. अग्रवाल ने यह भी बताया कि अधिवेशन में भाग लेने वाले पंजीकृत व चयनित सभी प्रतिभागियों के आवासन एवं भोजन आदि की व्यवस्था विद्यापीठ के द्वारा की जाएगी। दीक्षांत समारोह में सम्मिलित होने वाले प्रतिभागियों के लिए ड्रेस कोड होगा। पुरुषों के लिए सफेद कुर्ता, पजामा एवं केसरिया बंडी और लोंगो वाली पगड़ी, जबकि महिलाओं के लिए केसरिया बॉर्डर की सफेद साड़ी एवं लोंगो वाली पगड़ी की व्यवस्था प्रतिभागियों को स्वयं करनी होगी। विद्यापीठ के द्वारा पगड़ी, लोंगो, स्कार्फ, बैच और पट्टा उपलब्ध कराया जाएगा।

देश
विधायक कर्णजीत सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण,दिया आवश्यक निर्देश
लोकतंत्र न्यूज,सिवान ;- सिवान के दरौंदा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ़ व्यास सिंह ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दरौंदा का औचक निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने दवा काउंटर सहित सम्पूर्ण परिसर का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध सभी प्रकार की दवाइयों, चिकित्सा सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।वहीं उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर अस्पताल उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

इसके बाद विधायक ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ एवं आवश्यक दवाइयाँ समय पर उपलब्ध हों, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया।

