Politics
जिले के प्रबुद्धजनों के साथ 20 को संवाद करेंगे जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर
संवाद सकारात्मक राजनीति के लिए अनिवार्य: डॉक्टर शाहनवाज
सिवान। 20 जुलाई को सिवान फिर आ रहे हैं जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर। वे जिले के बुद्धिजीवियों के संग संवाद करेंगे। उनके इस संवाद का मुख्य उद्देश्य सामाजिक चेतना को जागृत करना हैं। एक बौद्धिक विमर्श के माध्यम से ही समाज की चुनौतियों का सामना और समाधान के प्रयास पर मंथन किया जा सकता है। बौद्धिक संवाद सकारात्मक राजनीति के लिए अनिवार्य तथ्य है। जन सुराज सही सोच, सही लोग , सामूहिक प्रयास की अवधारणा के माध्यम से बिहार को बदलने का प्रयास कर रहा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार, पलायन पर रोक के माध्यम से ही बिहार में बदलाव को संभव बनाया जा सकता है। बिहार बदलाव यात्रा के क्रम में पूरे बिहार में घूम घूम कर प्रशांत किशोर लोगों को यहीं बता रहे हैं कि आप अपने बच्चों के सुखद भविष्य के बारे में सोचें। ये बातें शुक्रवार को प्रेस वार्ता में जन सुराज के राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद् के वरिष्ठ सदस्य डॉक्टर शाहनवाज आलम ने कही। प्रेसवार्ता के दौरान जनसुराज के सिवान के जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह, जिला मुख्य प्रवक्ता डॉक्टर कृष्ण कुमार सिंह, अधिवक्ता गणेश राम, अनिल मणि त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।जनसुराज के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य डॉक्टर शाहनवाज आलम ने कहा कि आज बिहार में अपराध चरम पर है। हमारे युवा कौशल से युक्त होने पर भी दूसरे राज्यों में रोजगार की खोज में जाते हैं। शराबबंदी का फायदा उठाकर भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है।
प्रशासनिक अधिकारी तानाशाहीपूर्ण रवैया अपना रहे हैं। जनता से जुड़े गंभीर मसलों पर उदासीनता बरती जा रही है। ऐसे में समाज के बुद्धिजीवी और प्रबुद्धजन मौन रहते हैं तो यह एक दुखद तथ्य होगा। आज की राजनीति में यदि प्रबुद्धजनों की बातों और सुझावों को शामिल किया जाता है तो बेहद सकारात्मक परिणाम आ सकते हैं। इसी क्रम में 20 जुलाई, 2025 को जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर सिवान के प्रबुद्धजनों के साथ होटल रॉयल पार्क में संध्या सात बजे एक संवाद कायम करेंगे। जनसुराज के जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने जिले के प्रबुद्धजनों से अपील किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के साथ संवाद सत्र में हिस्सा लें। इसमें बिहार की समस्याओं, चुनौतियों, अवसरों पर एक बौद्धिक विचार विमर्श किया जाएगा। जनसुराज के जिला मुख्य प्रवक्ता डॉक्टर कृष्णकुमार सिंह ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है। आम जनता बिहार के विकास के संदर्भ में मसलों पर तार्किक विचार विमर्श करें, जाति, धर्म की संकीर्णता को दूर करें और अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य की चिंता करे। जनसुराज के नेता अनिल मणि त्रिपाठी ने कहा कि बच्चों की शिक्षा, रोजगार के मसलों पर आम जनता को संजीदगी दिखानी चाहिए। एडवोकेट गणेश राम ने कहा कि समाज के प्रबुद्धजन भी समाज के गंभीर चुनौतियों पर अपने विचारों को रखे। ताकि समाज में सकारात्मक राजनीति को एक नया आयाम मिले, जो जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की सबसे बड़ी प्राथमिकता भी है।
Politics
सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा की जिला कार्यशाला आयोजित, कार्यकर्ताओं ने लिया सेवा का संकल्प
लोकतंत्र न्यूज,सिवान;- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सेवा एवं समर्पण के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत शनिवार को भाजपा कार्यालय,सिवान में जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की गई।प्रदेश महामंत्री सरोज रंजन पटेल ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सेवा और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प लें।”
भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि “सिवान जिले में सेवा संकल्प अभियान को व्यापक व जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाएगा।

भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा को अपना दायित्व मानकर समाज के जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचेगा। प्रधानमंत्री जी के सेवा और समर्पण से प्रेरणा लेकर हम सभी राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे”।पूर्व विधान पार्षद मनोज कुमार सिंह ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में देश को विकास और आत्मनिर्भरता की नई दिशा दी है। सेवा संकल्प अभियान उनके सेवाभाव को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।भाजपा कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग के बीच जाकर सेवा कार्यों को गति दें।”
कार्यशाला में नन्द प्रसाद चौहान, मुकेश कुमार बंटी, लालबाबू कुशवाहा, अभिमन्यु सिंह, संजय पांडेय, हरेन्द्र कुशवाहा, राजेश श्रीवास्तव, सत्यम सिंह सोनू, कुंदन कुमार, धर्मेंद्र मिश्रा, अजय पासवान, प्रेम मांझी, आभा देवी, सुभाष कुशवाहा एवं विजय चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Politics
दिवंगत विनोद सिंह कुशवाहा के परिजनों से मिले सदर विधायक मंगल पाण्डेय,निष्पक्ष जाँच कर कड़ी कार्रवाई का दिया भरोषा
लोकतंत्र न्यूज,सिवान ;- बरहरिया प्रखंड अंतर्गत बभनबाड़ा गांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता विनोद सिंह कुशवाहा की गत दिनों हुई निर्मम हत्या के बाद शनिवार को सिवान के विधायक एवं बिहार सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे।उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा घटना की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने दिवंगत विनोद सिंह कुशवाहा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद, निंदनीय एवं समाज को झकझोर देने वाली है।मुलाकात के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों ने विधायक मंगल पाण्डेय के समक्ष घटना की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि मामले की गहन जांच कर सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।ग्रामीणों की मांग पर विधायक मंगल पाण्डेय ने कहा कि इस जघन्य हत्या के दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य के उच्च प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से बातचीत करेंगे तथा निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कानून के शासन में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और दोषियों को कठोर से कठोर सजा मिलनी चाहिए।उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। न्याय की लड़ाई में परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा तथा सरकार और प्रशासन के समक्ष उनकी बात पूरी मजबूती से रखी जाएगी।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी, मुकेश कुमार बंटी, संजय पाण्डेय, सुभाष सिंह कुशवाहा, अनुरंजन मिश्रा, हीरा लाल राम सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Politics
रविदास जयंती एवं हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भाजपा ने की बैठक
लोकतंत्र न्यूज,सिवान ;- आगामी रविदास जयंती, हर घर तिरंगा अभियान एवं तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यालय में सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता भाजपा पश्चिमी जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने की,जबकि मंच का संचालन जिला उपाध्यक्ष धनंजय सिंह ने किया।बैठक में निर्णय लिया गया कि 10 अगस्त से 14 अगस्त तक सभी मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।इसके लिए 4 अगस्त से 7 अगस्त तक प्रत्येक मंडल में तैयारी बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें युवा मोर्चा की मंडल टीम की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित रहेगी। सभी मंडलों में तिरंगा यात्रा शहीद सैनिकों के स्मारक अथवा मंदिर से प्रारंभ की जाएगी तथा यथाशीघ्र यात्रा की तिथि निर्धारित कर जिला कार्यालय को सूचित किया जाएगा।इसके साथ ही 13 एवं 14 अगस्त को 20–25 कार्यकर्ताओं की टोली बनाकर प्रत्येक घर, दुकान एवं प्रतिष्ठान पर तिरंगा लगाने का अभियान चलाया जाएगा। तिरंगे जिला कार्यालय में उपलब्ध रहेंगे तथा 7 अगस्त तक सभी मंडल अपनी आवश्यकता के अनुसार तिरंगों की संख्या जिला कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्लास्टिक के तिरंगे का प्रयोग नहीं किया जाएगा।इसके अतिरिक्त 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शहर में मौन जुलूस निकाला जाएगा तथा 29 जुलाई को समरसता दीप कार्यक्रम के तहत मंदिरों में संत रविदास जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि “हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का जनआंदोलन है। प्रत्येक कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ अभियान को जन-जन तक पहुंचाए। संत रविदास जी के समरसता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। सभी मंडल समयबद्ध तरीके से तैयारी पूर्ण कर अभियान को ऐतिहासिक सफलता दिलाएं।”बैठक में प्रमुख रूप से लालबाबू कुशवाहा, प्रदीप कुमार रोज, हरेंद्र श्रीवास्तव, अनुराधा गुप्ता, राजेश श्रीवास्तव, अनुरंजन मिश्रा, कुंदन सिंह, सत्यम सिंह सोनू, धर्मेन्द्र पटेल, प्रेम माझी, अनंत साहनी, सुभाष कुशवाहा, अजय पासवान, पूनम गिरि,दीपू सिंह चंदेल,हीरा लाल राम, अर्चना सिंह, सुरेश राम सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

-
Business4 days agoसिवान में KFC आउटलेट का हुआ भव्य शुभारंभ,फ्राइड स्वादिष्ट चिकन का लुत्फ़ अब सिवान
-
Uncategorized6 days agoभव्यता के साथ हुआ श्रीकृष्ण बाल मेला का आयोजन
-
देश2 days agoश्रीकांत धाम में श्री बांके बिहारी प्राकटोत्स आज
-
Politics1 day agoसेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा की जिला कार्यशाला आयोजित, कार्यकर्ताओं ने लिया सेवा का संकल्प
