देश
शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ सिवान शहर का महावीरी अखाड़ा
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी अखाड़ा समिति, सीवानवासियों तथा मीडिया के लोगो के सहयोग का किया सराहना
लोकतंत्र न्यूज,सिवान ;- सीवान, 07 सितंबर 2026-सीवान शहर में महावीरी जुलूस/अखाड़ा का आयोजन शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सफल आयोजन के उपरांत जिलाधिकारी श्री विजय प्रकाश मीणा एवं पुलिस अधीक्षक श्री भारत सोनी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजन की समीक्षा की तथा इसके सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी अखाड़ा समितियों, आयोजकों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।जिलाधिकारी ने कहा कि महावीरी जुलूस को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा पूर्व से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों एवं विधि-व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं पर लगातार निगरानी रखी गई। प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा पूरे आयोजन के दौरान सतर्कता बरती गई।उन्होंने कहा कि, “सीवान के नागरिकों ने जिस अनुशासन, संयम एवं सहयोग का परिचय दिया है, वह प्रशंसनीय है”। सभी अखाड़ा समितियों ने सरकार के संकल्प केआलोक में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जुलूस को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से डीजे, धारदार हथियार एवं ऑर्केस्ट्रा पर लगाए गए प्रतिबंध के अनुपालन की सराहना करते हुए कहा कि अखाड़ा समितियों एवं आम नागरिकों ने प्रशासन के निर्देशों को समझते हुए जिम्मेदारी के साथ सहयोग किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही ऐसे बड़े आयोजनों को सफल बनाया जा सकता है।पुलिस अधीक्षक श्री भारत सोनी ने कहा कि महावीरी जुलूस के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी के साथ-साथ जुलूस के पूरे मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे आयोजन के दौरान ड्रोन कैमरा एवं सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से विधि-व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी गई थी।उन्होंने कहा कि सभी अखाड़ा समितियों एवं सीवानवासियों के सहयोग से महावीरी जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महावीरी जुलूस का शांतिपूर्ण आयोजन सीवान की सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे एवं सौहार्द की सकारात्मक मिसाल है। प्रशासन ने सभी अखाड़ा समितियों, आयोजन से जुड़े व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों तथा नगरवासियों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरा,वीडियो फुटेज आदि से प्रमाण खोजे जा रहे हैं जिन्होंने आदेश का उल्लंघन करने की साहस की है उनलोगों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी|जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भविष्य में होने वाले सभी महावीर अखाड़ा एवं त्यौहारो में इसी प्रकार शांति,सद्भाव, अनुशासन एवं आपसी भाईचारे की भावना के साथ प्रशासन का सहयोग करते रहने की अपील की है।

देश
निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराएं सारण शिक्षक निर्वाचन ; जिला पदाधिकारी
-निर्वाचन की पारदर्शिता एवं मतपेटिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
-भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें।
- – बिहार विधान परिषद सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन मतदान दलों की हुई विस्तृत ब्रीफिंग
लोकतंत्र न्यूज,सिवान ;- सारण शिक्षक निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार 22 अक्टुबर 2026 को अम्बेडकर भवन के संवाद कक्ष में जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग आयोजित की गई।इसमें प्रतिनियुक्त सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर दंडाधिकारियों, पीठासीन पदाधिकारियों तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।ब्रीफिंग के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सिवान ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारी पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता हर हाल में सुनिश्चित की जानी चाहिए। सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन कार्यों का सुचारू रूप से संचालन करें।उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पूर्णतः पालन किया जाए। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को ससमय प्रारंभ कराने, मतपेटिकाओं एवं मतपत्रों की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मतदान केन्द्रों पर निर्धारित नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने पर विशेष जोर दिया।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदान केन्द्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी तथा निर्धारित परिधि के भीतर अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ऑनलाइन रिपोर्टिंग एवं सूचनाओं के समयबद्ध अद्यतीकरण का निर्देश देते हुए कहा कि डिस्पैच सेंटर से प्रस्थान करने से पूर्व प्राप्त निर्वाचन सामग्री का चेकलिस्ट से अनिवार्य रूप से मिलान कर लिया जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न न हो।उन्होंने पी-1, पी-2 एवं पी-3 मतदान कर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके दायित्वों के समुचित निर्वहन पर बल दिया। साथ ही, वायलेट रंग के पेन के उपयोग, मतदाता पहचान पत्रों के सत्यापन तथा मतदान के पश्चात मतपेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा कराने सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए निर्वाचन कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने की अपील की। पुलिस अधीक्षक, सिवान ने कहा कि निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक नहीं होनी चाहिए। सभी पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करें तथा अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने निर्धारित समय पर अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंचने तथा शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं भयमुक्त वातावरण में निर्वाचन सम्पन्न कराने का निर्देश दिया।इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सिवान ,अपर समाहर्ता सिवान,अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सिवान, उप निर्वाचन पदाधिकारी सिवान, अनुमंडल पदाधिकारी/ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिवान सदर/महाराजगंज, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सिवान, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सिवान, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सिवान सदर, सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Uncategorized
होटल सफायर इन में शारदीय नवरात्र पर हुआ फलाहार का आयोजन,पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय सहित कई गणमान्य लोग हुए शामिल
- फलाहार के बहाने सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश
लोकतंत्र न्यूज,सिवान ;- शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर होटल सफायर इन में शनिवार को फलाहार कार्यक्रम आयोजित किया गया।आयोजन में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली।सदर विधायक एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय,गोरियाकोठी विधायक देवेशकांत सिंह,दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह,भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पांडेय,आइएमए के सचिव एवं सिवान योग संघ के अध्यक्ष डॉ शरद चौधरी,दयानन्द आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के शासी निकाय के सलाहकार एवं पूर्व प्राचार्य डॉ प्रजापति त्रिपाठी,जदयू जिलाध्यक्ष विकाश सिंह उर्फ़ जिशू सिंह तथा डॉ रुपेश कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और माँ दुर्गा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गयी।आयोजन में राजनीतिक, सामाजिक और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया और सनातन संस्कृति की परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत पर बल दिया.पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने अपने संदेश में कहा कि शारदीय नवरात्र आस्था, शक्ति और संस्कारों का पावन पर्व है. इस अवसर पर होने वाले फलाहार कार्यक्रम धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ समाज में आपसी सद्भाव और एकजुटता का संदेश देते हैं. उन्होंने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की तथा प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं.आयोजक रुपेश कुमार ने कहा कि फलाहार कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य धार्मिक जागरूकता बढ़ाने के साथ सामाजिक एकता को मजबूत करना है. उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में युवा पीढ़ी को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना जरूरी है. ऐसे आयोजन युवाओं को सनातन धर्म की परंपराओं, संस्कारों और उसके मूल संदेशों से जोड़ने का माध्यम बन सकते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल धार्मिक उपदेश देना नहीं, बल्कि समाज में सांस्कृतिक एकता और आपसी सद्भाव को प्रोत्साहित करना भी है.


भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष संजय कुमार पांडे ने कहा कि हर वर्ष शारदीय नवरात्र में फलाहार कार्यक्रम आयोजित किया जाता है. ऐसे आयोजन आस्था और परंपराओं को मजबूत करने के साथ समाज में भाईचारे की भावना को बढ़ावा देते हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भी यह परंपरा जारी रहेगी. उन्होंने मां दुर्गा से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की.


कार्यक्रम में समाजसेवी सुभाष प्रसाद सोनी, लोक अभियोजक प्रमिल कुमार गोप,दयानन्द आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सुधांशु शेखर त्रिपाठी,डॉ धीरेन कुमार,नगर परिषद की उपसभापति किरण गुप्ता, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष लीलावती गिरि,प्रदेश मंत्री मुकेश कुमार सिंह कुशवाहा, नगर परिषद की पूर्व सभापति अनुराधा गुप्ता, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अभिमन्यु कुमार सिंह, डॉ राजा प्रसाद, जादूगर विजय, प्रेम शंकर सिंह, डॉ सौरभ सिंह, डॉ ऋचा सिंह,हरेंद्र सिंह कुशवाहा और धनंजय सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Uncategorized
भारत गौरव देश रत्न राजेंद्र मेमोरियल फाउंडेशन ने विश्व स्वक्षता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित कर स्वक्षता अभियान से जुड़ने का किया आह्वान
लोकतंत्र न्यूज,सिवान;- विश्व छात्र दिवस ,विश्व हस्त प्रक्षालन दिवस एवं विश्व ग्रामीण महिला दिवस के संयुक्त अवसर पर गुरुवार को भारत गौरव देश रत्न राजेंद्र मेमोरियल फाउंडेशन के सौजन्य से वी.एम. हाई स्कूल मैदान में हस्त प्रक्षालन कार्यकम आयोजित किया गया।जिसमें बच्चों ने मंच से हाथ धुलाई कार्यक्रम का डेमो दिखाकर उपस्थित सभी बच्चों को तथा आमंत्रित अतिथि गणों को इस स्वच्छता अभियान से जुड़ने हेतु जागरूक किया।फाउंडेशन के महासचिव इंजीनियर प्रमोद कुमार मल्ल ने अतिथियों का स्वागत करने के साथ संस्था परिचय, कार्यक्रम उद्देश्य बताते हुए कहा कि आज सामूहिक हैंडवॉश कार्यक्रम छात्रों द्वारा फाउंडेशन के संयोजन में देश के विभिन्न विद्यालयों एवं स्थलों पर भी निर्धारित समय पूर्वाहन 11:11 बजे दिन में हो रहे हैं और 5.30 लाख से ऊपर विद्यार्थी अभी तक इस अभियान से जुड़ चुके हैं।इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जाने-माने नेत्र चिकित्सक और आई.एम.ए.सिवान के सचिव डॉ शरद चौधरी ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।तत्पश्चात माँ सरस्वती,डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद एवं डॉ एपीजे अब्दुल कलाम जी के तैल चित्र पर मंच पर उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों ने पुष्पांजलि अर्पित किया।

उक्त कार्यक्रम में डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम की जीवनी पर आयोजित सिवान के एक दर्जन से ऊपर विद्यालय में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में विजेता हुए छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट वक्ता सम्मान से सम्मानित किया गया।इसके पहले अतिथियों को संस्था की तरफ से स्मृति चिन्ह,अंग वस्त्र एवं पौधा देकर सम्मानित किया गया।उक्त अवसर पर अलग-अलग विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षिकाओं सहित वीएम.एच.ई के एक दर्जन से ऊपर शिक्षक शिक्षिकाओं को स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया।बच्चों ने अपनी मधुर वाणी में भाषण देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।संस्था के महासचिव इंजीनियर प्रमोद कुमार मल्ल ने अपने संबोधन में कहा कि, “यह कार्यक्रम डॉ एपीजे अब्दुल कलाम एवं डॉ राजेंद्र प्रसाद जी को समर्पित है,समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा। खासकर देश का भविष्य छात्र-छात्राओं के लिए इस प्रकार के स्वच्छता एवं शिक्षा के प्रति जागरूक करने वाला कार्यक्रम हमेशा आयोजित किया जाएगा”। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉक्टर अरविंद आनंद ने कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए समा बांध दिया।मौके पर छात्र छात्रों ने स्वागत गीत गाकर तथा वी.एम.एच.ई के संगीत शिक्षक ने बांसुरी वादन से सभी का मन मोह लिया।उक्त कार्यक्रम में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वी.एम.एच.ई के प्रधानाध्यापक राकेश कुमार सिंह,विशिष्ट अतिथि अभिमन्यु सिंह,पूर्व सांसद ओम प्रकाश यादव,मार्शल एजेंसी के निदेशक पारस नाथ पंडित,देव भोग के प्रतिनिधि वीर कुंवर सिंह, रामेश्वर सिंह जीरादेई,गजानन पांडेय,उमेश मल्ल, संस्कार भारती के संरक्षक जादूगर विजय जी,राम प्रेम शंकर सिंह,पत्रकार सचिन पर्वत,बालाजी पाण्डेय,चंद्रमोहन सिंह, राम इकबाल सिंह,रामदेव राम,उपेंद्र पांडेय उपस्थित रहे।
-
Uncategorized6 days agoहोटल सफायर इन में शारदीय नवरात्र पर हुआ फलाहार का आयोजन,पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय सहित कई गणमान्य लोग हुए शामिल
-
Uncategorized1 week agoभारत गौरव देश रत्न राजेंद्र मेमोरियल फाउंडेशन ने विश्व स्वक्षता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित कर स्वक्षता अभियान से जुड़ने का किया आह्वान
-
Uncategorized6 days agoकला प्रदर्शनी “आँचरा की छांव में हमारी लोक धरोहर ” का डीएम ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ,पारंपरिक कला हमारी अनमोल धरोहर ; डीएम
-
देश1 day agoनिष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराएं सारण शिक्षक निर्वाचन ; जिला पदाधिकारी
